बिहार में शराबबंदी फेल? RK Singh के बयान पर सियासी बवाल, सपोर्ट में आईं कांग्रेस-राजद

पटना। Bihar Politics: बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर एक बार फिर राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आरके सिंह ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून फेल हो चुका है।
आरके सिंह के बयान के बाद अब कांग्रेस ने भी इसका समर्थन किया है। हालांकि, शराबबंदी के समय कांग्रेस ने सीएम नीतीश कुमार को समर्थन दिया था।
कांग्रेस ने किया समर्थन
बिहार कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि आरके सिंह ने जो कहा है वह बात पूरी तरह से सही है। बिहार में शराबबंदी कानून फेल हो चुका है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नीतीश कुमार के शराबबंदी कानून को अपना समर्थन दिया था, लेकिन इस कानून की वजह से आज आम आदमी बुरी तरह से परेशान है।
चुनाव से पहले सार्वजनिक होगा गठबंधन का फैसला
चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर शकील अहमद खान ने कहा कि अभी चुनाव में थोड़ा समय है। पार्टी चुनाव के पहले इस संबंध में फैसला लेकर उसे निश्चित तौर पर सार्वजनिक करेगी।
कांग्रेस नेता ने बदलाव को बताया प्रकृति का नियम
- चुनाव के पहले प्रभारी और अध्यक्ष के बदलाव को लेकर शकील अहमद खान ने कहा कि बदलाव प्रकृति का नियम है। अध्यक्ष बदले गए और प्रभारी को भी बदला गया, जिससे आने वाले दिनों में इससे संगठन और पार्टी को बहुत ही फायदा होगा।
- यह राहुल गांधी की अपनी एक नीति है, जिसके तहत हम सभी लोग काम कर रहे हैं। इससे हमें आने वाले दिनों में फायदा होने वाला है।