दिनदहाड़े प्रखंड प्रमुख की गाड़ी पर फायरिंग, हाथ में लगी गोली; बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
बिक्रमगंज (रोहतास): रोहतास में बिक्रमगंज के प्रखंड प्रमुख राकेश कुमार सिंह उर्फ लाली सिंह को शुक्रवार को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे वे घायल हो गए।इसके बाद आनन-फानन में उन्हें अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने सासाराम रेफर कर दिया। राकेश कुमार सिंह उर्फ लाली सिंह जिला प्रमुख संघ के अध्यक्ष भी हैं।वहीं, घटना के बाद से लोगों में काफी आक्रोश है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। गोली से प्रमुख की गाड़ी में छेद भी हो गई है। फिलहाल, मामला दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि प्रमुख प्रखंड कार्यालय में प्रखंड शिक्षक नियोजन समिति की बैठक थी। बैठक खत्म होने के बाद प्रखंड प्रमुख राकेश कुमार सिंह कार्यालय से बाहर निकल कर घर लौट रहे थे।
इसी बीच बाईक सवार बदमाशों ने उनके ऊपर गोली चला दी जिससे गोली प्रखंड प्रमुख के दाएं हांथ में लग गई। फिलहाल, वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
प्रखंड प्रमुख ने क्या कहा, पढ़िए
प्रमुख ने इसे लेकर बताया कि प्रखंड शिक्षक नियोजन समिति की बैठक कर लौटने के क्रम में बाइक सवार हेलमेट लगाए दो अपराधियों ने गोली चलाई, जिसमें एक गोली उनके बांह में लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही लोकल पुलिस और बिक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शशिभूषण सिंह अस्पताल पहुंचे।
वहीं, एसडीपीओ ने बताया कि गोली हांथ में लगी है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें सासाराम भेजा गया है। अभी प्रमुख का बयान नहीं लिया गया है। मामले की जांच जारी है।