राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद पर चौथी बार निर्विरोध चुने गए सोनू कुशवाहा
नालंदा :- बिहारशरीफ। राष्ट्रीय लोक मोर्चा का संगठनात्मक चुनाव रविवार को नालंदा जिला में संपन्न हुआ। शहर के सोहसराय स्थित गंगा मैरेज हॉल में आयोजित चुनाव में एक बार फिर युवा एवं जुझारू नेता सोनू कुशवाहा को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष चुना गया। उनका चयन लगातार चौथी बार निर्विरोध हुआ। चुनाव प्रक्रिया पार्टी के प्रधान महासचिव एवं प्रभारी हिमांशु पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पर्यवेक्षक अजय कुशवाहा तथा निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुशवाहा की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान दस डेलिगेट सदस्यों की मौजूदगी में संगठनात्मक चुनाव कराया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोनू कुशवाहा के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर प्रभारी हिमांशु पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा पूरे बिहार में संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पंचायत स्तर से लेकर जिला और राज्य स्तर तक संगठन विस्तार अभियान चलाया जा रहा है। निर्विरोध चुने जाने के बाद सोनू कुशवाहा ने पार्टी नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई, उसका उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा तथा बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के मार्गदर्शन में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। पार्टी की नीति और सिद्धांतों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। सोनू कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ता ही किसी भी पार्टी और नेता की असली ताकत होते हैं। कार्यकर्ताओं के सहयोग और विश्वास के बल पर ही संगठन मजबूत बनता है और नेता विधायक, सांसद एवं मंत्री बनने तक का सफर तय करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी संगठन को मजबूत करने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज बनने का काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर प्रेम कुमार चंदन, मल्लू महतो, सरमेरा प्रमुख संकेत कुमार चंदन, चंदन कुशवाहा, नंदन महतो, सुबोध पंडित, चमेली वर्मा, आकाश कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, अर्जुन कुशवाहा, वीरू कुशवाहा, जगदीश महतो, रामजी महतो, बलराम कुशवाहा, नरेंद्र कुशवाहा, महेंद्र कुशवाहा, सुबोध पटेल, अरुण पटेल, मो. सैयद अहमद, मो. रियाजुद्दीन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

